विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस (14 अगस्त 1947)
रुद्रपुर 14 अगस्त - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को काशीपुर रोड़, रूद्रपुर, उधम सिंह नगर स्थित एक निजी होटल में अयोजित "विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस" (14 अगस्त 1947) कार्यक्रम में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने विभाजन के दौरान बलिदान हुए लोगों की आत्मिक, शांति एवं श्रद्धांजलि हेतु हवन यज्ञ किया। साथ ही विभाजन विभीषिका पर आधारित लघु फिल्म का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभाजन विभिषिका स्मृति दिवस पर विभाजन का दंश झेलने वाले व्यक्तियों को नमन करते हुए कहा कि विभाजन की विभीषिका का दर्द सहने वाले तमाम सेनानियों के परिजनों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित करना मेरे लिए सौभाग्य की बात। देश के विभाजन के दर्द को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस दिन भारत दो देशों में विभाजित हुआ। एक ओर 1947 को आजादी का जश्न मना रहे थे किंतु दूसरी ओर देश के विभाजन का भी हमने दुःख सहा है। भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के कारण सामने आई परिस्थितियों को देखते हुए भारत दो टुकड़ों में विभक्त हुआ।लाखों लोग इधर से उधर हुए उनका घर-बार छूटा, परिवार छूटा, लाखों की जानें गईं। भारत के लिए यह किसी विभीषिका से कम नहीं थी। वर्ष 2021 में इसी दर्द को याद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने 14 अगस्त को ’’विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’’ मनाने का निर्णय लिया। तब से यह दिन मनाया जा रहा है, जिससे हम अपने उन लाखों सेनानियों व परिवारजनों से बिछड़े लोगों के बलिदान को याद कर सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस विभाजन में अपने प्राणों की आहूति देने वाले कई सेनानियों व अन्य लोगों का अंतिम संस्कार भी नहीं हो पाया था। यह दिन उन सभी सेनानियों की याद दिलाता है जिन्होंने भारत माँ के लिए बलिदान दिया। भारत के बंटवारे ने सामाजिक एकता, सामाजिक सद्भाव और मानवीय संवेदनाओं को तार-तार कर दिया था। मुख्यमंत्री ने वैमनस्य और दुर्भावना का दृढ़तापूर्वक सामना करने वाले, प्रत्येक व्यक्ति के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की। उन्होंने कहा यह हमारा कर्तव्य है कि हम देश को स्वतंत्र कराने वाले और देश के विभाजन की यातनाएं झेलने वाले मां भारती के प्रत्येक सपूत के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करें। विभाजन विभीषिका की पीड़ा सह चुके लोगों ने ही इस क्षेत्र के विकास की नींव रखी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में उत्तराखंड निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा समान नागरिक संहिता को जल्द ही राज्य में लागू किया जाएगा। जिन जगहों पर अतिक्रमण हुआ है उन्हें हटाने का कार्य भी जारी है। उन्होंने कहा उत्तराखंड राज्य में किसी के साथ भी अन्याय नहीं होने दिया जाए।
कार्यक्रम का संचालन तरुण दत्ता व लक्ष्मी देवी ने किया। इस दौरान कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, मेयर रामपाल सिंह, कार्यक्रम संयोजक एवम विधायक शिव अरोड़ा, मतुआ सम्प्रदाय से हरीचांद ठाकुर, विधायक अरविंद पांडे, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, भाजपा नेता कमल जिंदल, जिलाधिकारी उदय राज सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, सीडीओ विशाल मिश्रा, जिला विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष हरीश कांडपाल, अपर जिलाधिकारी जयभारत सिंह, प्रदेश मंत्री विकास शर्मा, पुष्कर काला, कार्तिक राय, सुदर्शन बिस्वास, शैलेंद्र मोहन, मुकेश कुमार, उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, मनीष बिष्ट , उत्तम दत्ता, शंकर चक्रवर्ती, अजित बिस्वास, सुनील हालदार, समीर राय, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।