15 अप्रैल से 20 जून, 2025 तक, जिले में नये जल संयोजनों पर तत्काल प्रभाव से रोक

        नैनीताल 11अप्रैल - जिलाधिकारी वंदना ने कहा कि ग्रीष्म ऋतु प्रारम्भ हो गई है दिन-प्रतिदिन मौसम में गर्मी बढ़ रही है जिस कारण जल स्रोतों, नदियों, नहरों एवं तालाबों इत्यादि के जल स्तर में निरन्तर गिरावट आ रही है। आगामी दिनो में पेयजल की समस्या से निपटने के लिए दिनांक 15 अप्रैल से 20 जून, 2025 (मानसून प्रारम्भ होने तक) तक जिले में नये जल संयोजनों पर तत्काल प्रभाव से रोक रहेगी, नए जल संयोजन नहीं दिए जाएंगे साथ ही भवन निर्माण हेतु स्वीकृत जल संयोजनों की स्वीकृति भी निरस्त की जाती है।

   सर्विस सेन्टरों पर वाहनों की धुलाई पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाती है। Dry Wash की अनुमति रहेगी, वाहन की धुलाई हेतु पानी का उपयोग किये जाने पर दण्डात्मक कार्यवाही के साथ-साथ जल संयोजन विच्छेदित कर दिया जाए। सर्विस कनैक्शन में सीधे टुल्लू पम्प का प्रयोग प्रतिबन्धित रहेगा। ऐसा पाये जाने पर टुल्लू पम्प जब्त कर जल संयोजन विच्छेदन की कार्यवाही की जाएगी।

    पेयजल का उपयोग सिंचाई, धुलाई आदि कार्यों में प्रतिबन्धित रहेगा। इसके अतिरिक्त छत की टंकियों से ओवरफ्लो / रिसाव पाये जाने पर दण्डात्मक कार्यवाही एवम् जल संयोजन विच्छेदित कर दिया जाएगा। मुख्य पाईप लाईनों में लीकेज होने पर उसे तत्काल बन्द करवाया जाये। पेयजल लाईन में लीकेज पाया जाता है तो जल संस्थान के सम्बन्धित अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए उनके विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।

    इस संबंध में जिलाधिकारी ने जल संस्थान के सभी अधिशासी अभियंताओं को  निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करते हुए समय-समय पर स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी समेत सभी उपजिलाधिकारियों को समय समय पर निरीक्षण करते हुए दिए गए निर्देशों काअनुपालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।