स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर, राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का संकल्प ले हम
हल्द्वानी 15 अगस्त- स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट द्वारा नगर क्षेत्र में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः 6:30 बजे डीके पार्क, पटेल चौक से प्रभात फेरी के साथ हुई, जिसका समापन शहीद चौक बाजार क्षेत्र, वार्ड संख्या 16 में किया गया। नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थित महापुरुषों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
प्रातः 9:00 बजे नगर निगम प्रांहा गण में महापौर द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद एमबीपीजी कॉलेज, नैनीताल रोड में ध्वजारोहण, मार्चपास्ट की सलामी, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं संबोधन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, शहर के सम्मानित नागरिक तथा बड़ी संख्या में आम जनता उपस्थित रही। नगर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। महापौर गजराज सिंह बिष्ट द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
महापौर श्री बिष्ट ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का संकल्प लेने का दिन है। नगर निगम परिवार का प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी शहर की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा लक्ष्य हल्द्वानी-काठगोदाम को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और सुविधाओं से युक्त विकसित शहर बनाना है। इस दिशा में नगर निगम के साथ शहर की जनता और विद्यालयों की सहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।महापौर ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं देश के वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग व बलिदान से हमें देश की सेवा करने की प्रेरणा मिलती है और उन्होंने सभी नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।