प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन का दीप जलाकर किया शुभारंभ
हल्द्वानी 9 अक्टूबर - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित उत्तराखंड प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन का दीप जलाकर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशभर से आए व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग किसी भी राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ होता है। व्यापारी केवल वस्तुओं के क्रय-विक्रय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजगार सृजन, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने और राष्ट्र की आर्थिक शक्ति को मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े उद्योगों से लेकर छोटे दुकानदारों तक, प्रत्येक व्यापारी प्रदेश की आर्थिक प्रगति में अपना योगदान दे रहा है। कोविड-19 जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी व्यापारियों ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया। उन्होंने व्यापारी वर्ग को देश की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण भागीदार बताते हुए कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
राज्य सरकार व्यापारियों को केवल करदाता नहीं, बल्कि विकास का भागीदार मानती है। सरकार का उद्देश्य व्यापारियों के लिए भयमुक्त, सुरक्षित और पारदर्शी वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अनावश्यक प्रक्रियाओं और कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। व्यापारियों के साथ निरंतर संवाद स्थापित करने तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में भी सरकार कार्य कर रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में व्यापार, उद्यमिता, डिजिटल लेन-देन और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिला है। व्यापारिक प्रक्रियाओं के सरलीकरण और डिजिटल व्यवस्था के विस्तार से कारोबार को अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने के प्रयास किए गए हैं।