स्वतंत्रता दिवस 2026 को धूमधाम एवं हर्षोल्लास पूर्वक मनाए जाने की रूपरेखा तैयार
नैनीताल 5 अगस्त- जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस 2026 को धूमधाम एवं हर्षोल्लास पूर्वक मनाए जाने और कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के संबंध में जिला कार्यालय सभागार, नैनीताल में बुधवार को एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया है कि जनपद नैनीताल में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा और देश के वीर शहीदों और महानुभावों को सद्भावनापूर्ण नमन किया जाएगा। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के जनों को सम्मानित किया जाएगा। देश भक्ति गीतों के साथ ही स्कूलों में अनेक प्रतियोगिताऐं आयोजित की जाएंगी।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद अंतर्गत जिला मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों, स्कूलों, कॉलेजों में प्रातः 7:00 से प्रभात फेरी और देशभक्ति कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक सप्ताह पूर्व से विभिन्न विद्यालयों स्तर पर अनेक प्रतियोगिताएं जैसे पेंटिंग, क्विज, निबंध आदि आयोजित कराई जाएगी। नैनीताल में प्रभात फेरी मल्लीताल फ्लैट मैदान से प्रारंभ होकर तल्लीताल गांधी चौक पर समाप्त होगी। प्रभात फेरी के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार के साथ मौजूद रहेगी। प्रभात फेरी के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था पुलिस विभाग द्वारा नियंत्रित की जाएगी। इस संबंध में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य, पुलिस,शिक्षा, राजस्व, नगर पालिका को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी कार्यालय, नैनीताल में प्रातः 9:30 बजे ध्वजारोहण होगा। तत्पश्चात पूर्वाह्न 10:00 बजे से 10:30 बजे तक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की मूर्तियों पर श्रद्धा सुमन/माल्यार्पण किया जाएगा और स्वतंत्रता सेनानियों व राज्य आंदोलनकारियों/परिजनों एवं सराहनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, प्रभागीय वनाधिकारी रामनगर ध्रुव मर्तोलिया, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, उप जिलाधिकारी नवाजिश खलीक, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न संगठन के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।