भविष्य की योजनाओं के बारे में, ली जानकारी

       रामनगर 28 जून- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रामनगर के अहाना रिसॉर्ट पंहुचने पर हैलीपैड में बच्चो को एकत्रित देख उनके बीच पहुंच गए। सीएम को अपने बीच देख कर बच्चों में उत्साह देखने को मिला और बच्चों ने उनके साथ खूब तस्वीरें खिंचवाईं व संवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ कुछ समय बिताते हुए उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।

       सीएम श्री धामी ने बच्चो को जीवन में अनुशासन, कड़ी मेहनत और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी और कहा कि निरंतर प्रयास, ईमानदारी व दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने माता-पिता, शिक्षकों और बड़ों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों ने भी मुख्यमंत्री के साथ बिताए इन यादगार पलों का भरपूर आनंद लिया और उनके साथ सेल्फी व समूह फोटो खिंचवाए। सीएम द्वारा क्षेत्र से आए लोगों की समस्याओं को भी सुना तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए।

       इस दौरान रामनगर के अहाना रिसॉर्ट पंहुचने पर बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, राकेश नैनवाल, संजय डॉर्बी, इंदर राव मंडलायुक्त दीपक रावत, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय आदि ने स्वागत किया।